लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
संवाददाता – सुनील निगम, झालावाड़
झालावाड़। गागरोन किले के समीप स्थित चंगेरी पुलिया पर रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। उफनती पुलिया पार करने के दौरान एक ऑल्टो कार नदी के तेज बहाव में बह गई। कार में सवार चार लोग उसमें फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सहित पुलिस जाप्ता और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुँचीं। रेस्क्यू टीम ने पुलिया के समीप गहरे पानी में डूबी कार को हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकाला। कार के साथ ही उसमें फंसे दो लोगों को मृत हालत में बाहर निकाला गया।
कार सवार दो अन्य लोग नदी के तेज बहाव में बह गए थे। उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। सोमवार सुबह अभियान में सफलता मिली और तीसरे व्यक्ति लेखराज निवासी कुदायला का शव बरामद कर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। फिलहाल चौथे व्यक्ति की तलाश अभी भी जारी है।
पहले भी हो चुका है हादसा
गौरतलब है कि चंगेरी पुलिया पर पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। तब तेज बहाव के दौरान पुलिया पार कर रहे बाइक सवार तीन लोग बह गए थे और उनकी मौत हो गई थी।
इसके बावजूद इस बार भी प्रशासन ने पुलिया पर पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस की लापरवाही के चलते रविवार को यह हादसा हुआ और कार सवार चार लोगों की जान पर बन आई।
फिलहाल एसडीआरएफ की टीम चौथे लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है और रेस्क्यू अभियान जारी है।