लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वीआईपी संस्कृति कम करने की दिशा में उठाया कदम, सादगी अपनाने का दिया संदेश
जयपुर। जोराराम कुमावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सादगी और जनसरोकारों के संदेश से प्रेरित होकर अपने दौरों के दौरान पुलिस एस्कॉर्ट सुविधा नहीं लेने का निर्णय किया है।
राजस्थान सरकार में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को आमजन से जुड़कर कार्य करना चाहिए और अनावश्यक वीआईपी संस्कृति से दूरी बनानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उनके दौरा कार्यक्रमों में पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था नहीं की जाए, ताकि आम लोगों को यातायात और अन्य असुविधाओं का सामना न करना पड़े।
प्रधानमंत्री मोदी के संदेश से प्रेरित निर्णय
मंत्री कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार जनप्रतिनिधियों से सादगी अपनाने और जनता के बीच सहज रूप से रहने का आह्वान करते रहे हैं। उसी भावना के तहत यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच बिना विशेष सुविधाओं के जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा
मंत्री जोराराम कुमावत के इस फैसले की राजनीतिक और सामाजिक हलकों में व्यापक चर्चा हो रही है। कई लोगों ने इसे वीआईपी संस्कृति को कम करने और जनप्रतिनिधियों को आमजन के करीब लाने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया है।
