लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सीकर (लक्ष्मणगढ़/नेछवा) ।
सीकर जिले के नेछवा ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बोलेरो गाड़ी (नंबर RJ32UA1396) में सवार कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर एक नन्दी को दौड़ाया और उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल नन्दी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गाड़ी सवारों ने न तो घायल नन्दी को बचाने की कोशिश की और न ही किसी गौशाला या रेस्क्यू टीम को सूचना दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।
एफआईआर दर्ज, संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
पशु-हितैषी संगठनों व ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। संगठनों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पशु-क्रूरता अधिनियम 1960, राजस्थान गोवंश अधिनियम 1995 तथा BNS धारा 325 के तहत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ एक नन्दी की हत्या नहीं, बल्कि समाज और कानून के लिए खुली चुनौती है। यदि समय रहते कठोर दंड नहीं दिया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएँ और बढ़ सकती हैं।
कठोर सजा की मांग
ग्रामीणों और संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उदाहरणात्मक सजा दी जाए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि जानवरों पर क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











































