लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
भीलवाड़ा गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की विशेष बैठक अध्यक्ष विश्वबन्धु सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें बस दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं और अवैध माल परिवहन (लदान) को लेकर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में इस पर अंकुश लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
राठौड़ ने बताया कि दुर्घटनाओं की रोकथाम और अवैध लदान की निगरानी के लिए 70 सदस्यों की कमेटी बनाई गई है, जिसे 7 टीमों में विभाजित किया गया है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में ट्रैवल्स और वीडियो कोच के माध्यम से माल परिवहन पूरी तरह बंद किया जाएगा।
सचिव सुनील सोडाणी ने बताया कि एसोसिएशन की टीमों ने कई ट्रांसपोर्टरों और ट्रैवल एजेंसियों को अवैध बुकिंग रोकने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैवल एजेंसियों से भरी हुई गाड़ियां पकड़ी गईं, जिन्हें डीटीओ की मौजूदगी में चालान कर सीज कर दिया गया। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध लदान पर इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कोषाध्यक्ष केशव भुरानी ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपना माल केवल मान्यता प्राप्त ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के माध्यम से भेजें। यदि वे ट्रैवल्स या वीडियो कोच में माल भेजते हैं, तो किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं की होगी।
राठौड़ ने कहा कि अवैध लदान के खिलाफ यह संघर्ष वर्षों से जारी है, और आज सरकार, प्रशासन एवं आमजन भी इस अभियान में साथ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
बैठक में ज्ञानचंद तातेड़, दिलीप जैन, रतन मीणा, किशोर नानेचा, दीपक सोगानी, अरिहंत जैन, राहुल कटारिया, पिंटू सिंह, गोपाल शर्मा, सत्यवीर यादव सहित एसोसिएशन के सदस्य और कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
