लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भरतपुर, महिला कांग्रेस तथा शहर कांग्रेस ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन काली की बगीची स्थित एक पेट्रोल पंप पर आयोजित किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा तथा शहर अध्यक्ष दया चंद पचौरी मौजूद रहे।
महिलाओं पर महंगाई की सबसे ज्यादा मार
प्रदर्शन का नेतृत्व बबीता शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अलका लांबा और प्रदेश अध्यक्ष सारिका के नेतृत्व में आयोजित किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होने के बाद केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल, गैस, दूध और सीएनजी के दाम बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाओं पर पड़ रहा है, जिससे घरेलू बजट बिगड़ता जा रहा है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा और शहर अध्यक्ष दया चंद पचौरी ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही सरकार को आर्थिक हालात और महंगाई को लेकर आगाह किया था, लेकिन सरकार ने उस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार जनता से खर्च कम करने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर लगातार टैक्स और महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल समेत आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से पेट्रोल, डीजल, गैस, सीएनजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।