Home latest भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का किया...

भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का किया उद्घाटन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजस्थान में निवेश को बढ़ावा, दो साल में लागू हुईं 35 नई नीतियां

जयपुर/भिवाड़ी । राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर सहित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा पिछले दो वर्षों में 35 नई नीतियां लागू कर उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भिवाड़ी स्थित एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, 34 एमएलडी एसटीपी और खैरथल-तिजारा जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान को “विकसित भारत-विकसित राजस्थान 2047” के विजन के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश को हरियाणा के रास्ते दिल्ली से जोड़ने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना पर तेजी से काम जारी है। साथ ही, यमुना जल समझौते के क्रियान्वयन और अलवर के निकट बांदीकुई में बड़े औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान को अग्रणी बनाने के लिए पवन एवं सौर ऊर्जा सहित अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। ग्रामीण विकास को लेकर उन्होंने “विकसित ग्राम-वार्ड अभियान” और पंचायत स्तर पर “अटल ज्ञान केंद्र” स्थापित करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया।

किसानों, युवाओं और आधारभूत सुविधाओं पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिजली और पानी की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। रामजल सेतु लिंक परियोजना, आईजीएनपी, गंगनहर, माही, देवास और सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति की जा रही है।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 4 लाख भर्तियों के संकल्प के तहत अब तक सवा लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया है, जबकि सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है। इसके अलावा 1.35 लाख से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में भारत ने लगाई बड़ी छलांग: अश्विनी वैष्णव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि देश में अब 12 सेमीकंडक्टर प्लांट स्थापित हो चुके हैं और राजस्थान भी इस महत्वपूर्ण उद्योग से जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग छह गुना बढ़कर 13 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। साथ ही, मोबाइल फोन अब भारत से निर्यात होने वाली नंबर-1 कमोडिटी बन चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के तहत 75 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। भिवाड़ी इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में करीब 1,200 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। यहां हर साल लगभग 6 करोड़ चिप्स का उत्पादन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि अमृत योजना के तहत राजस्थान में 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से 15 स्टेशनों का कार्य पूरा हो चुका है। अलवर रेलवे स्टेशन को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

भिवाड़ी को बनाएंगे मैन्युफैक्चरिंग हब: भूपेन्द्र यादव

केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी को देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि यहां 34 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और 52 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली ट्रीटेड वाटर लाइन परियोजना का शुभारंभ किया गया है, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

उन्होंने कहा कि भिवाड़ी को ऑटोमोबाइल के साथ-साथ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भी तेजी से विकसित किया जाएगा। साथ ही, आरआरटीएस और यमुना जल समझौते की प्रगति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा, विधायक महंत बालकनाथ सहित कई जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version