लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
हाईवे बंद, बिजली ठप, निचले इलाकों में भरा पानी – प्रशासन ने किया दौरा, 45 लोग रेस्क्यू
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर सहित उपखंड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह पानी भर जाने से आवागमन बाधित हुआ और बिजली व्यवस्था ठप हो गई। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार दोपहर तक जारी रहा, जिसके चलते छोटे-बड़े बांध और तालाबों का गेज बढ़ गया।
हाईवे पर पानी, यातायात ठप
भारी बारिश के कारण टोंक-सवाईमाधोपुर हाईवे, उनियारा-गुलाबपुरा हाईवे और उनियारा-इंद्रगढ़ स्टेट हाईवे पर पानी भर गया। कई जगह सड़कें जलमग्न होने से यातायात पूरी तरह बाधित रहा। वहीं, सवाईमाधोपुर रोड पर खेड़ली तालाब का पानी हाईवे पर आने से सड़क कट गई और प्रशासन को एक तरफा आवागमन करना पड़ा।
निचले इलाकों में जलभराव
गलवा बांध की वेस्टवियर 5 फीट चलने और छप्पन जी का तालाब ओवरफ्लो होने से नैनवां रोड, टोंक रोड, सवाईमाधोपुर रोड और इंद्रगढ़ रोड पर पानी बह निकला। निचले इलाकों में पुलिस थाने, बस स्टैंड, बिजली निगम, सीएचसी, तहसील कार्यालय, मुख्य बाजार, न्यूमार्केट, सरदार सिंह सर्किल, खातोली गेट, ककोड़ गेट, तबेला मैदान, राजकीय महाविद्यालय, कृषि मंडी, जल संसाधन विभाग, महाराणा प्रताप महाविद्यालय सहित कई जगहों पर पानी भर गया, जिससे कर्मचारियों और आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रशासन की सक्रियता
भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल और जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों को लोगों के बचाव और सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन
डाबला, कुंडिया, सहादत नगर और मोरझाला की झोपड़ियों सहित कई गांवों में पानी भर जाने से लोग फंस गए। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर 45 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
बारिश का आंकड़ा
जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष प्रभारी कनिष्ठ अभियंता लोकेश सैनी ने बताया कि शनिवार शाम 4 बजे तक 24 घंटों के दौरान –
-
गलवा बांध : 158 मिमी
-
गलवानियां : 145 मिमी
-
ठिकरिया : 355 मिमी
-
उनियारा उपखंड : 244 मिमी
-
अलीगढ़ तहसील : 158 मिमी
वहीं, बांधों की स्थिति इस प्रकार रही –
-
गलवा बांध वेस्टवियर गेज: 5 फीट
-
गलवानियां: 3 फीट
-
कुम्हारिया: 45 सेमी
-
दुधीसागर: 2 फीट 9 इंच
सभी बांध सुरक्षित हैं और उन पर दिन-रात निगरानी रखी जा रही है।













































