लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने वाला दल है। उन्होंने बताया कि भाजपा में प्रशिक्षण सतत प्रक्रिया है और यही पार्टी की वैचारिक शक्ति का आधार है। एक विचारधारा को लेकर चलने वाला यह दल आज देशभर में वटवृक्ष के रूप में स्थापित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि दायित्व बोध से व्यक्तित्व निर्माण होता है और व्यक्तित्व निर्माण से राष्ट्र निर्माण को बल मिलता है। उन्होंने भाजपा की स्थापना और उसके इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 21 अक्टूबर 1951 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापना राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से हुई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अन्य महापुरुषों के विचारों से प्रेरित यह वैचारिक यात्रा आगे बढ़ी और 1980 में भाजपा का गठन हुआ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके तहत बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के राष्ट्रीय सह-संयोजक एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि 7 मार्च से 15 अप्रैल तक देशभर में प्रशिक्षण महाभियान चलेगा। जिला, मंडल, बूथ, मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग, जनप्रतिनिधि, मीडिया और सोशल मीडिया स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना, सिद्धांत आधारित आचरण विकसित करना और सक्षम कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है।
कार्यशाला में विधायक अजय महावर, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम एवं अभियान की प्रदेश सह-संयोजक संतोष अहलावत सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।