लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर,(रूपनारायण सांवरिया) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, जयपुर में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने वाजपेयी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
“अटल जी राजनीति के अजात शत्रु थे” – मदन राठौड़
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अटल जी राजनीति के अजात शत्रु थे। वे भारतीय राजनीति में विचार, शालीनता, संवाद और सिद्धांत के प्रतीक थे। उन्होंने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और राजनीतिक मूल्यों तथा आदर्शों का उच्चतम मानक स्थापित किया।
राठौड़ ने आगे कहा:
“अटल जी का जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रेरित रहा। वे सिद्धांतवादी नेता थे, जिन्होंने न केवल पक्ष बल्कि विपक्ष में भी सम्मान और विश्वास अर्जित किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके चरित्र, नेतृत्व और दूरदर्शिता से प्रेरणा लेनी चाहिए।”
कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
राठौड़ ने कहा:
“हम सभी कार्यकर्ताओं की ओर से भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को कोटिशः नमन करता हूँ। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है।”
भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।