लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गलत प्रमाण पत्र अपलोड करने वालों पर होगी कार्रवाई
जयपुर।
राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत बेरोज़गारी भत्ता प्राप्त कर रहे युवाओं की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को विभिन्न विभागीय कार्यालयों में औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण रोजगार एवं उद्यमिता विभाग द्वारा किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों की वास्तविक उपस्थिति, कार्यस्थल पर उनकी गतिविधियों तथा कार्य निष्पादन की निगरानी करना रहा।
उप–निदेशक नवरचना के नेतृत्व में क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, जयपुर की टीम ने तहसील कार्यालय, पंचायत समिति, आयुर्वेद अस्पताल और पशु चिकित्सालय सहित कई विभागों में तैनात लाभार्थियों की जाँच की। टीम ने लाभार्थियों की उपस्थिति, प्रदर्शन और संबंधित अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर विस्तृत जानकारी संकलित की।
निरीक्षण के दौरान कुछ मामलों में पाया गया कि कुछ लाभार्थियों ने गलत तरीके से उपस्थिति प्रमाण पत्र अपलोड कर लाभ प्राप्त किया था। विभाग ने ऐसे लाभार्थियों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 2,58,520 रुपये की वसूली के आदेश जारी किए हैं।
उप–निदेशक नवरचना ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा संबल योजना–2021 के तहत जयपुर जिले में नियमित रूप से इंटर्नशिप करने वाले पात्र युवाओं को ही बेरोज़गारी भत्ता प्रदान किया जाता है। पात्रता की जांच समय-समय पर की जाती है, ताकि योजना का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचे।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार चल रहे Special Intensive Revision (SIR) अभियान में सभी अधिकारी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं, जिससे योजना की पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।
