लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालोतरा।
बालोतरा जिले में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। लंबे समय से उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को तेज आंधी और बारिश से बड़ी राहत मिली। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।
आंधी के दौरान जिले के कई स्थानों पर सामाजिक कार्यक्रमों के लिए लगाए गए टेंट उखड़ गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश से शहर की कई सड़कों और गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 
बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। शाम के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए।
वहीं, बारिश किसानों के लिए भी खुशखबरी लेकर आई। अच्छी वर्षा के बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य तेज हो गया है। खेतों में ट्रैक्टर और कृषि उपकरण चलते दिखाई दिए। किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी अच्छी बारिश होती रही तो इस बार बेहतर पैदावार की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।