लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। जिला महिला कांग्रेस कमेटी भरतपुर के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को बिजली घर चौराहा पर जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाओं ने भाग लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और गैस सिलेंडर लेकर महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष बबीता शर्मा ने की।
अपने संबोधन में बबीता शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर आम जनता, विशेषकर महिलाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से घर-गृहस्थी का बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है और रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने छात्रों और युवाओं की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि छोटे गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी से पढ़ाई के लिए घर से दूर रह रहे विद्यार्थियों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दैनिक जरूरतों को पूरा करना उनके लिए चुनौती बनता जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष डॉ. ममता शर्मा, संगठन महासचिव विमला चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष भरतपुर ज्योति फौजदार, ब्लॉक अध्यक्ष रूपवास निधि चौधरी, संगीता, मोना पाराशर, प्रीति शर्मा, मिथलेश, लालता, पुष्पेंद्र बन्नो गुर्जर, लोकेश तमरोली, आकाश चौधरी, अभिषेक चांदवारी, अनू, सीमा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन आमजन के हितों और अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के समापन पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण और गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत देने की मांग की।