लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान में प्रथम चरण के मतदान के अवसर पर प्रदेश के सभी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
मदन राठौड़ ने कहा कि सभी मतदाता अपने घरों से निकलें और बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने क्षेत्र के विकास और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए मतदान अवश्य करे। राठौड़ ने कहा कि “पहले मतदान, फिर कोई दूसरा काम” की भावना के साथ हर मतदाता मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग करे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाताओं से अपील की कि मतदान से पहले अपने क्षेत्र के विकास के लिए सही प्रत्याशी का चयन करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सबका साथ, सबका विकास और सबका कल्याण की नीति पर कार्य करने वाले प्रत्याशी को मतदान करना चाहिए।
राठौड़ ने विश्वास जताया कि प्रथम चरण के मतदान में राजस्थान की जनता बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाएगी।
