लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गंगधार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 715 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम तथा 5,300 रुपये नकद जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि झालावाड़ जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीना के निर्देशन एवं गंगधार पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम के सुपरवीजन में गंगधार थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस गश्त के दौरान रावतपुरा रोड रेलवे स्टेशन के पास चौमहला क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में पाए गए नरवरलाल पिता मांगूलाल, जाति मेघवाल, निवासी आंबा थाना बड़ौद (मध्यप्रदेश) को डिटेन किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलो 715 ग्राम अवैध अफीम एवं 5,300 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।
