लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अटल जी का जीवन अडिग विचार, राष्ट्रभक्ति और सुशासन की अमर प्रेरणा
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
जयपुर | भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ उन्हें स्मरण किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके जीवन को राष्ट्रसेवा की अमूल्य विरासत बताया।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिनके शब्दों में संयम, आचरण में मर्यादा और निर्णयों में राष्ट्र सर्वोपरि रहता था। वे अजातशत्रु थे और उनके विरोधी भी उनके विचारों, भाषा और शालीनता का सम्मान करते थे। उनकी राजनीति संवाद, सहमति और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित रही।
उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन संघर्ष, सिद्धांतों और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण है। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने असाधारण नेतृत्व प्रदान किया। दल से बड़ा देश और संगठन से बड़ा संविधान उनके राजनीतिक जीवन की आधारशिला रही। सत्ता को उन्होंने लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन माना। जब परिस्थितियाँ सिद्धांतों के अनुकूल नहीं रहीं, तब उन्होंने पद त्याग दिया, लेकिन अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया।
अटल सरकार ने दी विकास को नई दिशा
मदन राठौड़ ने कहा कि अटल सरकार के कार्यकाल में देश के विकास को नई दिशा मिली। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना ने भारत की कनेक्टिविटी को सशक्त बनाया। आईटी और दूरसंचार क्षेत्र में लिए गए दूरदर्शी निर्णयों ने भारत को वैश्विक तकनीकी शक्ति के रूप में स्थापित किया। सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से शिक्षा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंची। सुशासन को प्रशासन की आत्मा बनाकर लागू किया गया, जिसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिक के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, सरदार सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, बिहारी लाल बिश्नोई, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, नारायण मीणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता तथा प्रदेश कार्यालय सचिव मुकेश पारीक सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वीर बाल दिवस पर प्रदर्शनी का आयोजन
प्रदेश कार्यालय सचिव मुकेश पारीक ने जानकारी दी कि 26 दिसंबर 2025 को वीर बाल दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रातः 9:00 बजे प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा किया जाएगा।