गुजरात में महीसागर नदी पर पुल के ढहने का मामला,
आसपुर के गोल गाँव का पुल भी जर्जर, कभी हो सकता है बड़ा हादसा
गुजरात के वडोदरा में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां महीसागर नदी पर बना 40 साल पुराना पुल का एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में करीब एक दर्जन वाहन पुल से नदी में जा गिरे, वही इन वाहनों में सवार 9 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इसी तरह का एक खतरा राजस्थान के डूंगरपुर जिले में भी मंडरा रहा है। जहां आसपुर के गोल गाँव में सोम नदी पर बना पुल जर्जर हो चुका है ओर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है ।
सोम नदी पर बना गोल पुल करीब 60 साल पुराना
– डूंगरपुर के आसपुर में बांसवाडा- उदयपुर स्टेट हाइवे पर सोम नदी पर बना गोल पुल करीब 60 साल पुराना है। यह पुल डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों को उदयपुर से जोड़ता है। अत्यधिक पुराना होने के कारण यह पुल अब काफी जर्जर हो चुका है, और स्थानीय लोगों को डर है कि यहां कभी भी वडोदरा जैसा हादसा हो सकता है। आसपुर के गोल पुल की रेलिंग कई जगह से टूट चुकी है, और पुल के पिलर्स के पास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं, जो इसकी कमजोर होती स्थिति का स्पष्ट संकेत है। स्थानीय निवासियों ने इस पुल की खराब हालत को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया है और एक नए पुल के निर्माण की मांग भी की है। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वडोदरा हादसे के बाद, डूंगरपुर के इस जर्जर पुल की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस दिशा में कोई कदम उठाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके ।
