लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
यूनिटी मार्च भारत की एकता और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक: मदन राठौड़
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर में आयोजित सरदार @150 यूनिटी मार्च की प्रदेश कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश प्रभारी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और राष्ट्र-निर्माण में उनकी भूमिका को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में इतिहास के कई तथ्यों को दबाया गया और स्वतंत्रता सेनानियों के वास्तविक योगदान को कम करके पेश किया गया।
“कांग्रेस ने पटेल से पीएम पद छीना, भारत रत्न देने वाले पीएम को सजा दी”
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल दृढ़ इच्छाशक्ति, ईमानदारी, निष्ठा और स्वाभिमान के प्रतीक थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि —
“कांग्रेस ने न सिर्फ पटेल से प्रधानमंत्री पद छीन लिया, बल्कि उन्हें 1991 में भारत रत्न देने वाले तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव को भी सजा दी।”
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि नेहरू और इंदिरा गांधी ने स्वयं को भारत रत्न प्रदान किया, जबकि पटेल जैसे पुरुषार्थी नेता को लंबे समय तक यह सम्मान नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि दी है और अब उनके 150वें जन्मवर्ष पर यह यूनिटी मार्च उनके विचारों को व्यापक स्तर पर देशवासियों तक पहुंचाएगा। 
“यूनिटी मार्च एकता और अखंडता का प्रतीक” — मदन राठौड़
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों का एकीकरण कर ‘एक भारत’ की आधारशिला रखी।
उन्होंने कहा—
“यूनिटी मार्च भारत की एकता, अखंडता और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। राजस्थान में इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।”
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि यूनिटी मार्च के प्रतिभागियों का स्वागत “बारात के स्वागत जैसा उत्साहपूर्ण” होना चाहिए। उन्होंने स्थानीय उत्पाद भेंट करने, सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करवाने की भी बात कही।
उन्होंने बताया कि यूनिटी मार्च में हर सांसद, हर विधायक और जिले-दर-जिले जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा
कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक जितेंद्र गोठवाल ने बताया कि—
गंगा प्रवाह
-
22 नवंबर को नई दिल्ली से रवाना होकर उसी दिन अलवर पहुंचेगा।
-
अलवर, कोटा, उदयपुर से गुजरते हुए गुजरात में प्रवेश करेगा।
-
मार्ग में पौधारोपण, योग, कोचिंग संस्थानों में संवाद समेत कई कार्यक्रम होंगे।
यमुना प्रवाह
-
26 नवंबर को जयपुर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
-
जयपुर, बगरू, पुष्कर, अजमेर, जैतारण, जोधपुर, पाली, सिरोही होते हुए गुजरात में प्रवेश करेगा।
कार्यक्रम के दौरान—
-
कॉलेज संपर्क अभियान
-
पुष्कर व जोधपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम
-
अजमेर में योग व पौधारोपण
-
मेहरानगढ़ किले का अवलोकन
-
माउंट आबू में सांस्कृतिक कार्यक्रम
जैसे विविध आयोजन होंगे।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
कार्यक्रम के अंत में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि यह ऐतिहासिक यात्रा पूरे प्रदेश में अद्भुत ऊर्जा का संचार करेगी।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची ने किया।
इस अवसर पर युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल और राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री विनीत त्यागी भी मौजूद रहे।