Home latest अजमेर में पेट्रोल पंपों पर औचक छापेमारी, माप में गड़बड़ी मिलने पर...

अजमेर में पेट्रोल पंपों पर औचक छापेमारी, माप में गड़बड़ी मिलने पर तीन नोजल सील

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता, (राजस्थान)

अजमेर। राजस्थान सरकार के उपभोक्ता मामले विभाग (जयपुर) के निर्देश पर अजमेर जिले में पेट्रोल-डीजल में घटतौली रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिला रसद विभाग की टीम ने विधिक माप विज्ञान अधिनियम-2009 एवं राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम-2011 के तहत शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया।

30 नोजलों की हुई जांच

जिला रसद अधिकारी के अनुसार गठित विशेष जांच दल ने जयपुर रोड और ब्यावर रोड स्थित तीन बड़े फ्यूल स्टेशनों पर छापेमारी की। टीम ने मैसर्स बजरंग सर्विस स्टेशन, गंगवाल सर्विस स्टेशन और एडोहक विजय सरिता फिलिंग स्टेशन के कुल 30 नोजलों की तकनीकी जांच कर रीडिंग चेक की।

दो पेट्रोल पंपों पर मिली गड़बड़ी

जांच के दौरान दो पेट्रोल पंपों की मशीनों में निर्धारित मानकों से कम ईंधन देने की शिकायत सही पाई गई। कार्रवाई करते हुए विभाग ने बजरंग सर्विस स्टेशन के दो नोजल और एडोहक विजय सरिता फिलिंग स्टेशन का एक नोजल सील कर दिया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार ये नोजल अनुमेय सीमा (Permissible Limit) से बाहर जाकर कम पेट्रोल-डीजल दे रहे थे। इसके बाद संबंधित संचालकों को तत्काल प्रभाव से इन नोजलों का संचालन बंद करने और दोबारा सरकारी सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

उपभोक्ताओं के हितों से समझौता नहीं

जिला रसद अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को पूरा पेट्रोल-डीजल मिले, इसके लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि माप-तौल में किसी भी प्रकार की लापरवाही या धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version