लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया नामकरण, भव्य समारोह में दी सौगात
अजमेर। शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को एलीवेटेड रोड की चौथी भुजा का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पूरे एलीवेटेड रोड का नामकरण ‘रामसेतु’ किया गया। फव्वारा चौराहा पर आयोजित भव्य समारोह में बड़ी संख्या में आमजन, प्रबुद्ध नागरिक, संत एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने ‘रामसेतु’ नाम का विधिवत अनावरण किया। उन्होंने बताया कि संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा इसी वर्ष एलीवेटेड रोड के नामकरण को स्वीकृति प्रदान की गई थी। यह निर्णय राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक चेतना और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने की भावना के अनुरूप लिया गया है।
देवनानी ने कहा कि अजमेर की एलीवेटेड रोड स्टेशन रोड, पृथ्वीराज मार्ग, कचहरी रोड एवं नसियां जी रोड के ऊपर से होकर गुजरती है और शहर के विभिन्न हिस्सों को आपस में जोड़ते हुए यातायात को निर्बाध बनाती है। ‘रामसेतु’ नामकरण से यह मार्ग न केवल भौतिक रूप से बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी शहर को जोड़ने का कार्य करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि अजमेर में राष्ट्रीय गौरव को केंद्र में रखकर निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुलामी के प्रतीक रहे नामों को बदलकर ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले नाम दिए गए हैं। पूर्व में राजस्थान पर्यटन विकास निगम के होटल ‘खादिम’ का नाम बदलकर ‘अजयमेरू’ किया गया, फॉयसागर झील का नाम ‘वरुण सागर’ रखा गया तथा स्टेशन रोड स्थित किंग एडवर्ड मेमोरियल का नाम बदलकर ‘महर्षि दयानंद विश्रांति गृह’ किया गया है।
कार्यक्रम में नृसिंह मंदिर के महंत श्यामशरण दास, सतीश बसंल, योगेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
















































