लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
5 वर्ष की उम्र में बनाया इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) सिंधु नगर, भीलवाड़ा की बालिका पहर कौर छाबड़ा, पुत्री अक्षय सिंह छाबड़ा, ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति से इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान बनाकर भीलवाड़ा जिले का नाम रोशन किया है। गुरुद्वारा उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता इकबाल सिंह ने बताया कि पहर कौर ने मात्र 42 सेकंड में 50 अंग्रेजी विलोम शब्दों को याद कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि उन्होंने 5 वर्ष, 3 महीने और 18 दिन की आयु में प्राप्त की, जो एक असाधारण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा की गई है, और संस्था की ओर से उन्हें प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस गौरवपूर्ण पल पर सिंधु नगर सहित समस्त सिख समाज के लोगों ने पहर कौर के दादाजी प्रीतपाल सिंह के आवास पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और बालिका की प्रतिभा पर गर्व व्यक्त किया। सभी ने इसे भीलवाड़ा और समाज के लिए गर्व का क्षण बताया।
