लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
करोड़ों का नशा और अवैध हथियार बरामद
ब्यूरो चीफ (मनजीत सिंह)
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा के सुपरविजन में की गई कार्रवाई में 5 तस्करों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
201 ग्राम हेरोइन सहित भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 201 ग्राम हेरोइन, 2 किलो गांजा तथा 1 किलो 884 ग्राम अफीम बरामद की है। इसके अलावा एक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
तीन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई श्रीविजयनगर, चुनावढ़ और सदर थाना पुलिस की टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से मादक पदार्थ एवं हथियार बरामद किए।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से नशा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
