Home latest केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर जोराराम कुमावत ने...

केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर जोराराम कुमावत ने किया भगवान शिव का अभिषेक

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को राजस्थान के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार की पहल पर प्रदेशभर में सुख, समृद्धि और राष्ट्र कल्याण के लिए वैदिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

इसी क्रम में राजस्थान के देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने पाली जिले के सुमेरपुर स्थित ऐतिहासिक जोधेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित विशेष पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। देवस्थान विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भगवान शिव का अभिषेक, पूजा-अर्चना एवं आरती कर देश की उन्नति, नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर

कार्यक्रम के दौरान विद्वान पंडितों एवं आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस अवसर पर मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और वैदिक ऋचाओं से गुंजायमान रहा।

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इसी गौरवशाली यात्रा की सफलता और देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रदेशभर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर ईश्वर का आभार व्यक्त किया गया है।

प्रदेशभर के मंदिरों में हुए विशेष आयोजन

देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार राजस्थान के विभिन्न जिलों में स्थित प्रमुख एवं देवस्थान विभाग के अधीन मंदिरों में भी विशेष पूजा, महाआरती, सुंदरकांड पाठ एवं प्रसादी वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर राष्ट्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

सुमेरपुर में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम कालूराम कुम्हार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य करण सिंह नेतरा, प्रदेश ओबीसी मोर्चा के दीपक भाटी, पाली डेयरी अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, पुलिस उप अधीक्षक जितेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन राकेश राखेचा, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, तख्तगढ़ नगरपालिका के निवर्तमान चेयरमैन ललित रांकावत, जोधेश्वर महादेव ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीश मेवाड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सुमेरपुर मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल ने किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version