लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बचने के लिए भाई ने कुर्सी फेंकी; गल्ला खंगाला, रुपए नहीं मिले तो भागे
भरतपुर । जयपुर रोड पर छौंकरवाड़ा पर सड़क किनारे अचार-मुरब्बे की दुकान लगाने वाले दो भाई देर रात दुकान बंद कर रहे थे। गल्ले से पैसे निकालकर जेब में रख लिए और सामान समेटने लगे। इसी दौरान एक बाइक पर आए 3 बदमाशों ने आते ही उन पर फायरिंग कर दी। एक भाई के घुटने के पास गोली लग गई। वारदात लूट के मकसद से की गई थी, हालांकि आरोपियों को कुछ नहीं मिला तो फरार हो गए।
घटना भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना इलाके में शनिवार रात 12 बजे हुई। वहीं पास में एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में फायरिंग की घटना कैद हो गई। घायल दुकानदार का इलाज राजकीय आरबीएम हॉस्पिटल भरतपुर में चल रहा है।
हॉस्पिटल में भर्ती देव नारायण (21) ने बताया- मैं भरतपुर जिले के छोंकरवाड़ा गांव का रहने वाला हूं। कल देर रात मैं और मेरा बड़ा भाई पवन (23) दोनों खेड़ली मोड़ में छोंकरवाड़ा चौराहे पर सड़क किनारे अपनी अचार की दुकान पर थे। हम देर रात दुकान बंद करते हैं। कल भी रात 12 बजे के करीब दुकान बंद कर रहे थे।
पवन ने गल्ले से पैसे निकालकर अपनी जेब में रख लिए थे। तभी बाइक पर तीन युवक दुकान के पास आकर रुके। उनके चेहरे कपड़े से ढके हुएथे। बाइक रुकते ही सबसे पीछे बैठा युवक उतरा और उसने सीधे हम दोनों भाइयों की तरफ फायर कर दिया।
बीच में बैठा युवक भी तभी उतरकर आया और वह भी फायरिंग करने लगा। एक गोली मेरे पैर में लगी। मैं एक हमलावर की तरफ झपटा। हमलावर पीछे हटा तो मैं वहां से भाग निकला। पवन ने अपने बचाव में हमलावरों की तरफ कुर्सी फेंकी। इसके बाद वह भी दुकान छोड़ भाग निकला।
इसके बाद एक हमलावर दुकान पर चढ़ा और गल्ला चेक किया। लेकिन उसमे पैसे नहीं थे। वारदात के बाद तीनों हमलावर वहां से बाइक पर बैठकर फरार हो गए। हमने घटना की सूचना खेड़ली मोड़ थाना पुलिस को दी। परिवार के लोग मुझे आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे।
10 दिन पहले हुआ था झगड़ा, उन्हीं पर शक
देव नारायण ने बताया- आरोपियों के चेहरे ढके हुए थे, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो सकी। लेकिन 10 दिन पहले हमारा झगड़ा सुभाष और अनिल नाम के युवकों से हुआ था। झगड़े से बाद से वे देख लेने की धमकी दे रहे थे। शक है कि उन्होंने ही हमला कराया होगा। फिलहाल अभी पुलिस में लिखित शिकायत नहीं दी है।
खेड़ली मोड़ थाना अधिकारी राम निवास मीणा ने बताया- पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इन तीनों पर शनिवार को महुआ (भरतपुर) में भी फायरिंग करने का शक है।
