लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमन्द
घाटी गांव के चामुंडा माता मंदिर मंगरे के पास झाड़ियों में लावारिस अवस्था में मिली चोरी की मोटरसाइकिल
राजसमन्द जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय हलचल मच गई जब घाटी गांव स्थित चामुंडा माता मंदिर की पहाड़ी पर विलायती बबूलों के बीच एक लावारिस व पूरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, बाइक के आगे-पीछे दोनों पहिए खोलकर बदमाश साथ ले गए, वहीं पेट्रोल टंकी निकालकर दूर फेंक दी गई और सीट भी उखाड़कर चुरा ली गई। चोर पूरी बाइक नहीं ले जा सके और केवल चेसिस जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
लड़कियों को दिखी टूटी बाइक, गांव में फैली चिंता
ग्रामीण राजूसिंह रावत ने बताया कि शाम को गांव की कुछ लड़कियां जंगल में लकड़ियां लेने गई थीं।
यहीं झाड़ियों में उन्हें क्षतिग्रस्त बाइक दिखाई दी। डरकर वे तुरंत गांव लौटीं और युवाओं को सूचना दी।
युवाओं ने मौके पर पहुंचकर देखा कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है और उसके कई जरूरी पुर्जे गायब हैं।
पहले से दर्ज है चोरी का मामला
बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 30 SW 2476 है, जो मोही निवासी भैरूलाल पहाड़िया के नाम पर दर्ज है।
कांकरोली थाना पुलिस के अनुसार इस मोटरसाइकिल की चोरी का मामला पहले से ही थाने में दर्ज है।
हेडकांस्टेबल सीता शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई है और प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
क्षेत्र में बाइक की इस हालत में बरामदगी से ग्रामीणों में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता फैल गई है।
