लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जसनगर की लूनी नदी की रपट पर हादसा
रियांबड़ी (नागौर) रिपोर्टर: राकेश शर्मा
रियांबड़ी उपखंड क्षेत्र के ग्राम जसनगर कस्बे से होकर बहने वाली लूनी नदी की रपट पर रात एक बड़ा हादसा टल गया, मेड़ता सिटी से जैतारण की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर रपट से नीचे जा गिरी और पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया,
जानकारी के अनुसार, इनोवा चालक सुनील तिवारी ने बताया कि वह रात करीब 9:15 बजे मेड़ता सिटी से जैतारण की तरफ जा रहे थे। जसनगर की लूनी नदी की रपट पर पहुंचते ही सामने से आ रहे बड़े वाहनों की तेज हेडलाइट के कारण उनकी नजर कुछ पल के लिए धुंधली हो गई। इसी दौरान, रपट पर जमा रेत का बड़ा टीला दिखाई नहीं दिया। जैसे ही गाड़ी टीले से टकराई, वह अनियंत्रित हो गई और रपट पर बिखरे पड़े कंकड़ों के कारण फिसलकर नीचे की ओर जा गिरी।
हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक संभल भी नहीं पाए। गाड़ी नदी के बहते पानी में जाकर पलटी खा गई। रात का समय होने और पानी के बहाव के बीच गाड़ी को बाहर निकालना बेहद मुश्किल साबित हुआ। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की और रस्सियों व अन्य साधनों की मदद से गाड़ी को बांधकर पानी से बाहर निकाला गया।
