लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (आर एन सांवरिया) – एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) राजस्थान ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य और 6161 गैंग के सरगना प्रदीप गुर्जर को गिरफ्तार किया। आरोपी को गुड़गांव की एक पॉश सोसायटी से पकड़ा गया।
एजीटीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि प्रदीप गुर्जर मुख्य रूप से हाईवे पर स्थित होटल संचालकों से रंगदारी वसूलने और अंधाधुंध फायरिंग जैसी दहशत फैलाने में शामिल था। उसके खिलाफ रंगदारी, बैंक लूट, डकैती, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे तीन दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। सात मामलों में फरार रहने के कारण एसपी कोटपुतली ने ₹25,000 का इनाम घोषित किया था।
इस गिरफ्तारी में एडीजी दिनेश एमएन और एएसपी सिद्धांत शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम ने गहन सीसीटीवी फुटेज और रेकी के बाद गुड़गांव के एमआर पाम हिल सोसायटी में छापा मारा। टीम ने हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार की निगरानी और गार्ड की भूमिका के तहत आरोपी को पकड़कर कोटपूतली थाना पुलिस को सौंप दिया।
एजीटीएफ टीम ने कार्रवाई में इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत, हेड कांस्टेबल महेश सोमरा, हेमंत शर्मा, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल चालक दिनेश शर्मा, एसआई बनवारी लाल शर्मा, प्रताप सिंह समेत अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका बताई।
पुलिस ने कहा कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है, जिससे कई अन्य मामलों के खुलासे की संभावना है।















































