लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्य कुश्ती संघ अध्यक्ष राजीव दत्ता और द्रोणाचार्य अवार्डी महासिंह राव रहेंगे उपस्थित
भीलवाड़ा। (विनोद सेन)
एलएनजे ग्रुप की इकाई आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड, जवाहर फाउंडेशन, जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं पूर्वांचल जन चेतना समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय मेवाड़ केसरी कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ मेवाड़ बाल केसरी कुश्ती से होगा।
एलएनजे ग्रुप के ओएसडी एवं जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता 13 और 14 नवम्बर को पुर रोड स्थित श्रम कल्याण खेल मैदान में आयोजित होगी।
कार्यक्रम में राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता तथा भारत सरकार द्वारा द्रोणाचार्य अवार्ड (कुश्ती) से सम्मानित महासिंह राव विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सैकड़ों पहलवान दिखाएंगे दमखम
स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाललाल माली ने बताया कि प्रतियोगिता में मेवाड़ संभाग की विभिन्न कुश्ती अकादमियों के सैकड़ों पहलवान हिस्सा लेंगे।
इस दो दिवसीय दंगल में कुल 13 श्रेणियों में मुकाबले होंगे — जिनमें
मेवाड़ केसरी, मेवाड़ कुमार, मेवाड़ किशोर,
महिला मेवाड़ केसरी, महिला मेवाड़ कुमारी, महिला वीर बाला,
साथ ही ग्रीको-वेट चैंपियन, भीलवाड़ा बाल केसरी, भीलवाड़ा अभिमन्यु, भीलवाड़ा बसंत और भीलवाड़ा महिला किशोरी जैसी श्रेणियां शामिल हैं।
प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त पहलवानों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
युवाओं को प्रोत्साहित करने की पहल
दंगल कमेटी के अध्यक्ष दिनेश साहनी ने बताया कि जवाहर फाउंडेशन और एलएनजे ग्रुप द्वारा इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को कुश्ती के प्रति प्रेरित करना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
बाहर से आने वाले सभी पहलवानों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी जवाहर फाउंडेशन की ओर से की गई है।
फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं एलएनजे ग्रुप के चेयरमैन रिजु झुनझुनवाला का खेलों के प्रति विशेष लगाव रहा है। उन्होंने क्रिकेट, हॉकी, शतरंज और फुटबॉल जैसे खेलों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इसी कड़ी में वे इस कुश्ती प्रतियोगिता में भी विशेष सहभागिता निभाएंगे।


















































