लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सेमारी (सलुम्बर)। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर रविवार को सेमारी कस्बे के वैष्णव मोहल्ले स्थित राधा कृष्ण मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
शाम को श्री ठाकुरजी मंदिर से भगवान शालिग्रामजी की बारात गाजे-बाजों और जयकारों के साथ निकाली गई। नगर भ्रमण करते हुए यह बारात यजमान भरत कुमार खटीक के आवास पर पहुंची। बारात में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे पारंपरिक परिधान में सजधज कर शामिल हुए। भक्ति संगीत और श्रीकृष्ण भजनों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य और गरबा कर उत्सव को उल्लासमय बना दिया।
विवाह मंडप में भगवान शालिग्रामजी और तुलसीजी को विधिवत विराजित किया गया। पंडित शांतीलाल के मंत्रोच्चार और महिलाओं के मंगल गीतों के बीच वैदिक रीति से विवाह संपन्न हुआ। विवाह के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया और भजन-संकीर्तन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
भक्तों ने इस अवसर को दिव्य और आनंदमय बताते हुए कहा कि तुलसी विवाह के साथ अब सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत का शुभ समय आरंभ हो गया है।















































