लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नावां (संवाददाता–मनीष कुमार पारीक)।
स्टेशन नाड़ा बालाजी मंदिर परिसर में मां शाकांभरी नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का समापन भक्तिमय वातावरण में हुआ। अंतिम दिन आयोजित महाआरती में महिलाओं ने 2100 दीपक प्रज्वलित कर माता रानी की आराधना की। दीपमालिका से सजा मंदिर परिसर दिव्य आलोक से जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत हो गया।
दस दिवसीय महोत्सव
महोत्सव की शुरुआत 22 सितंबर को हुई थी और यह लगातार दस दिनों तक श्रद्धा व उत्साह के साथ चला। अंतिम दिन विशेष दीप आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
गरबा और डांडिया का आकर्षण
प्रतिदिन शाम को आयोजित गरबा और डांडिया में नगर के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा शामिल हुए। पूरे नौ दिनों तक भक्तगण माता रानी के भजनों और डांडिया की धुनों पर झूमते रहे।
सम्मान समारोह
समापन अवसर पर बेस्ट डांडिया जोड़ी, बेस्ट डांडिया ग्रुप तथा महोत्सव के दौरान निरंतर सेवाएं देने वाले कार्यकर्ताओं को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, भामाशाहों को माता रानी का दुपट्टा ओढ़ाकर मोमेंटो प्रदान किया गया।
आयोजन समिति
समारोह में मंडल के सदस्य गुलाब चंद माली, तेजराज कुमावत, ओमप्रकाश शर्मा, नितेश सैनी, महेंद्र पारीक, मोनू सैनी, सुरेश खोखर, सुरेश सैनी, महेश यादव, महावीर जांगिड़, नवीन सोनी और सतीश जांगिड़ मौजूद रहे। सभी ने महाआरती में भाग लेकर मां शाकांभरी से क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।

















































