लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बिहार में कांग्रेस और आरजेडी नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत माताजी पर की गई अभद्र टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने निर्लज्जता की सभी सीमाएं पार कर दी हैं, जिसे देश कभी माफ नहीं करेगा।
गरीब मां का बेटा प्रधानमंत्री बनना हजम नहीं – शर्मा
मुख्यमंत्री ने कहा कि “इंडी ठगबंधन के नेताओं को यह हजम नहीं हो रहा है कि एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना और आज करोड़ों देशवासियों के दिलों में बसता है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पूज्य माताजी ने संघर्ष और परिश्रम से गरिमापूर्ण जीवन जिया और शतायु होकर देवलोकगमन किया। उनके बारे में इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना भारत की महान परंपराओं के विरुद्ध है।
वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री के वक्तव्य
मुख्यमंत्री ने गुरुवार रात को वीडियो संदेश जारी कर कहा –
-
“मां जानकी की पावन धरती बिहार में प्रधानमंत्री जी की स्वर्गीय माताजी का अपमान इन पार्टियों के चरित्र और संस्कार को दर्शाता है।”
-
“यह मातृशक्ति का घोर अपमान है।”
-
“राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे दो शहजादे महिलाओं के प्रति अपनी निकृष्ट मानसिकता दिखा रहे हैं।”
कांग्रेस-आरजेडी पर हमला
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा रही है कि जब भी वह चुनाव हारने लगती है तो अपशब्दों का सहारा लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठबंधन भ्रष्ट भी है और इसकी मति भी भ्रष्ट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता समझ चुकी है कि इंडी गठबंधन वोट के लिए किस हद तक नीचे गिर सकता है।












































