लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि 7 अगस्त गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में “हर घर तिरंगा” अभियान तथा “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के संदर्भ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। परनामी ने बताया कि भाजपा प्रदेशभर में 10 से 14 अगस्त तक “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा निकालेगी।
यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पैदल मार्च और भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 13 से 15 अगस्त तक भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक घर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, तथा 15 अगस्त की शाम को ध्वज को ससम्मान उतारने की प्रक्रिया का पालन करेंगे। अभियान को लेकर भाजपा की ओर से प्रदेश स्तरीय टोलियों का गठन किया गया है। कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारी, टोली के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।











































