लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पालिका की सफाई व्यवस्था की खुली पोल
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर सहित उपखंड क्षेत्र में दिनभर भारी उमस के बाद शाम को 4 बजे से हल्की बरसात का दौर शुरू हुआ । यहां दिन में भारी उमस के चलते लोग गर्मी से बेहाल रहे ।शाम 4 बजे से हल्की से मध्यम दर्जे की बरसात का दौर शुरू हुआ जो लगभग बीस मिनट तक चलता रहा। बारिश होने के साथ ही पानी बाजार में एकत्रित हो गया। रघुनाथ जी के मंदिर के पास स्थित नाला कचरे से भरा होने से पानी की निकासी नहीं हो सकी। जिससे कीचड़ युक्त पानी बाजार में घंटे भर रहा। जिससे बाहर से आने वाले राहगीर व दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार में आए राहगीर व दुकानदार घंटो पानी उतरने का इंतजार करते रहे।मौसम की पहली हल्की बरसात ने नगरपालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी।
उल्लेखनीय है मुख्य बाजार का सारा पानी कासलीवाल जी की गली में होकर बने नाले से निकलता है। लेकिन नाला कचरे से भरा होने तथा सफाई नही होने से पानी की निकासी बंद हो गई। ऐसे में पानी शहर के चक्कर लगाकर टोंक रोड होता हुआ निकलता है। जिससे पानी को निकालने में घंटे लगते हैं। न्यू मार्केट व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश जांगिड़ और दुकानदारों ने पालिका प्रशासन से नाले की सफाई करवाए जाने की मांग की है। बरसात के साथ ही जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली ।वही किसानों ने खरीफ की फसलों को लेकर खाद बीज की व्यवस्था करना शुरू कर दिया ।क्षेत्र में कई छोटे बड़े गावों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के समाचार प्राप्त हुए हैं।
















































