लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पत्नी ने की पहचान, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
भरतपुर। शहर की सुजान गंगा नहर में शुक्रवार को 38 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस और सिविल डिफेंस (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक की पहचान रंजीत नगर कच्ची बस्ती निवासी पवन (38) पुत्र रामकिशन, जाति जोगी के रूप में हुई। मृतक की पत्नी कल्पना ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
रविवार से था लापता
चौबुर्जा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुजान गंगा नहर में एक शव पड़ा है। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और कंट्रोल रूम के माध्यम से सिविल डिफेंस टीम को बुलाया गया। टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया। मौके पर पहुंची पत्नी कल्पना ने शव की पहचान अपने पति पवन के रूप में की।
जीजा को छोड़ने गया था, फिर नहीं लौटा
मृतक की पत्नी कल्पना ने बताया कि रविवार को पवन अपने बड़े भाई के साथ अपने जीजा को घर छोड़ने गया था। जीजा को छोड़ने के बाद बड़े भाई ने पवन को घर जाने के लिए कहा और स्वयं वाहन चलाने चला गया। इसके बाद पवन घर नहीं पहुंचा और उससे संपर्क भी नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि उसी दिन दोपहर करीब एक बजे एक ई-रिक्शा चालक का फोन आया, जिसने घर का पता पूछा। बाद में रात को दोबारा बात होने पर ई-रिक्शा चालक ने बताया कि उसने पवन को रास्ते में ही उतार दिया था। पत्नी के अनुसार, उस समय पवन ने काफी शराब पी रखी थी।
मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















































