लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण
जयपुर/दौसा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। दौसा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रेलवे, सड़क, कृषि, ऊर्जा और आधारभूत संरचना सहित विकास के सभी क्षेत्रों में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। दौसा रेलवे स्टेशन भी इसी बदलाव का उदाहरण है, जहां यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर स्टेशन को नया स्वरूप दिया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय रेलवे में विद्युतीकरण के विस्तार से रेल संचालन अधिक तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हुआ है। ब्रॉडगेज रेलमार्गों पर विद्युत चालित ट्रेनों के संचालन से प्रदूषण में कमी आई है और ऊर्जा दक्षता बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि से बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को मजबूती मिली है।
दौसा जिले में विकास कार्यों को मिली गति
कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि पिछले वर्षों में दौसा जिले में आधारभूत विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण से राजधानी दिल्ली तक पहुंच आसान हुई है और यात्रा का समय भी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ दौसा स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
15 करोड़ रुपये की लागत से हुआ स्टेशन का पुनर्विकास
दौसा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
पुनर्विकास कार्यों में सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट सुविधा, दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्थाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली और अन्य यात्री सुविधाओं का विकास शामिल है।
नए स्वरूप में तैयार दौसा रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।




















































