लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डग (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के डग नगर में गुरुवार को सर्वसमाज के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ यात्रा के दौरान पूरा नगर भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा।
रथ यात्रा का शुभारंभ जगदीश मंदिर से हुआ। डोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और “जय जगन्नाथ” के जयघोष के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलदेव को आकर्षक श्रृंगार के साथ रथ में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान के दर्शन किए और रथ को खींचने में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सेठ थान सिंह जी की बावड़ी पहुंची। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने भक्तों के लिए शीतल जल और जलपान की व्यवस्था भी की।
सेठ थान सिंह जी की बावड़ी पर भक्ति संगीत और संकीर्तन का आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। महिला मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्ग भक्तों से भरे नजर आए। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह से ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा डग नगर भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति में लीन हो गया हो। रथ यात्रा शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुई।




















































