लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर रहेगा विशेष फोकस
भरतपुर। राजस्थान पुलिस की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. प्रीति चंद्रा ने शुक्रवार को भरतपुर रेंज के नए महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पूर्व आईजी कैलाश चंद्र बिश्नोई से कार्यभार संभाला। आईजी कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रेंज की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और आगामी रणनीति पर चर्चा की।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रीति चंद्रा ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता भरतपुर रेंज में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। थानों में बेहतर व्यवहार और जनसुनवाई को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देशों के अनुरूप सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा हाल ही में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए दिशा-निर्देशों को भी कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।
साइबर अपराध और अंतरराज्यीय अपराधियों पर रहेगी कड़ी नजर
नई आईजी ने कहा कि भरतपुर रेंज में साइबर अपराध और अंतरराज्यीय अपराधियों की गतिविधियां बड़ी चुनौती हैं। इन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही पड़ोसी राज्यों से सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि हार्डकोर और बार-बार अपराध करने वाले अपराधियों की अलग सूची तैयार कराई जाएगी। सभी जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर ऐसे अपराधियों की पहचान की जाएगी और रेंज स्तर पर उनकी निगरानी के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
डॉ. प्रीति चंद्रा ने कहा कि भरतपुर रेंज के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिसिंग को और सशक्त बनाया जाएगा। गोतस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे तथा संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इससे पहले करौली जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करने का अनुभव उनके लिए बेहद सकारात्मक रहा है। अब भरतपुर रेंज की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा और टीम भावना के साथ निभाई जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधिकारियों के सहयोग से रेंज में बेहतर कानून व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी।



















































