लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जोधपुर जिले की चामू पंचायत समिति स्थित ग्राम पंचायत ठाडिया में कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी रामनरेश मीणा को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास योजना) के तहत स्वीकृत मकान की तीसरी किस्त जारी कराने और मकान का फोटो खींचने के एवज में ग्राम विकास अधिकारी 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। रिश्वत नहीं देने पर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी ग्राम विकास अधिकारी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
फिलहाल ग्राम पंचायत ठाडिया में एसीबी की कार्रवाई जारी है। टीम आवश्यक दस्तावेजों की जांच और अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।
एसीबी की ओर से कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी जारी किए जाने की संभावना है।



















































