- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
यमुना जल समझौता- मिशन मोड पर हो काम
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यमुना जल समझौते के योजनाबद्ध क्रियान्वयन के लिए जल संसाधन विभाग की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए मिशन मोड पर काम किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के लिए यह परियोजना ऐतिहासिक है। समझौते के बाद अब जिस गति से आगे की प्रक्रिया चल रही है, उसे कायम रखते हुए नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जल संसाधन विभाग के अधिकारी फील्ड में जाकर परियोजना को गति प्रदान करें। उन्होंने एमओए के अनुरूप परियोजना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही, उन्होंने जरूरी मैनपावर के नियोजन के संबंध में भी निर्देशित किया। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने परियोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह की पहल पर यमुना जल समझौता हुआ है। यह परियोजना शेखावाटी क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने इस समझौते को साकार रूप देने में पूर्ण सहयोग के लिए केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया।
बैठक में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -




















































