लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कामां (डीग) | रिपोर्टर: हरिओम मीना
डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लुहेसर में संचालित एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। थाना कामां पुलिस, जिला स्पेशल टीम (DST-1) और QRT टीम की संयुक्त कार्रवाई में मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार, हथियार बनाने की मशीनें, कल-पुर्जे और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को DST प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेन्द्र को सूचना मिली थी कि ग्राम लुहेसर स्थित इन्ताज पुत्र साहब खां के मकान में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना कामां के एएसआई बंशी सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस, DST और QRT टीम ने संयुक्त रूप से मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से 7 अवैध हथियार (सिंगल शॉट बंदूकें, टोपीदार बंदूकें एवं पौना) के साथ हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, कल-पुर्जे और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
- मकसूद पुत्र नसरु (42 वर्ष), निवासी लुहेसर, थाना कामां, जिला डीग
- इन्ताज पुत्र साब खां (35 वर्ष), निवासी लुहेसर, थाना कामां, जिला डीग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री का कारोबार कर रहे थे। बरामद हथियारों और मशीनरी की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध हथियारों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध हथियारों के निर्माण, भंडारण और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















































