लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां (नागौर)। नागौर जिले के पादूकलां क्षेत्र की भेरूंदा पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत डोडियाना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक ही छत के नीचे 22 विभागों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में 15 घर स्वामित्व पट्टों का वितरण किया गया, 400 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा सबसे अधिक चर्चा में रहा।
राज्य सरकार के जनकल्याण एवं सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत आईटी सेवा केंद्र परिसर में आयोजित शिविर में राजस्व, पंचायत राज, चिकित्सा, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, ऊर्जा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा आयुर्वेद सहित 22 विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।
योजनाओं के दर्जनों प्रकरणों का हुआ निस्तारण
शिविर में 15 घर स्वामित्व पट्टे वितरित किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के 42 आवेदन तथा स्वच्छ भारत मिशन के 29 आवेदन प्राप्त हुए।
राजस्व विभाग की ओर से 2 बंटवारा, 19 नामांतरण, 13 खाता शुद्धिकरण तथा 40 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 400 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि पशुपालन विभाग ने 200 पशुओं का टीकाकरण किया।
अतिक्रमण हटाने की मांग पर प्रशासन का संज्ञान
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, नई उचित मूल्य की राशन दुकान खोलने तथा पेयजल और बिजली की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
अतिक्रमण के मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार रामचंद्र भंवरिया ने संबंधित पटवारी को दो दिन के भीतर मौके की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दिव्यांग को मिला पालनहार योजना का लाभ
शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि दोनों आंखों से दृष्टिबाधित एक दिव्यांग व्यक्ति को मौके पर ही पालनहार योजना का लाभ स्वीकृत किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन बस पास के लिए 35 आवेदन भी प्राप्त हुए।
शिविर में विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघाड़िया, सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक, प्रशासक रेखाराम माट, उप प्रशासक दामोदर प्रसाद व्यास, ग्राम विकास अधिकारी ईश्वरदत्त शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर युवा नेता चैन सिंह, कोऑपरेटिव अध्यक्ष गिरधारी सिंह राठौड़, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
ग्रामीण सेवा शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को गांव स्तर पर ही आमजन तक पहुंचाना है। डोडियाना शिविर में जहां सैकड़ों ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला, वहीं अतिक्रमण, राशन दुकान, पेयजल और बिजली जैसी स्थानीय समस्याओं पर प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लिए जाने से ग्रामीणों में समाधान की उम्मीद जगी है।


















































