लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एमसीएच में प्रसूताओं की मौत का मामला:
भीलवाड़ा | सत्यनारायण सेन, गुरला
महात्मा गांधी चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय (एमसीएच) में प्रसूताओं की मौत के मामले को लेकर भीलवाड़ा में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ऑपरेशन थिएटर में संक्रमण की पुष्टि के बावजूद लगातार सिजेरियन ऑपरेशन किए जाने और छह दिनों में पांच प्रसूताओं की मौत के मामले में समस्त सेन समाज ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
ज्ञापन में अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा गया कि संक्रमण की जानकारी होने के बावजूद ऑपरेशन जारी रखना अत्यंत गंभीर लापरवाही है। समाज का आरोप है कि इस घटना ने पांच परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है और पूरे क्षेत्र में भय व असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें
सेन समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखीं—
- पूरे मामले की स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय समिति से समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कराकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
- संक्रमण की पुष्टि के बाद भी ऑपरेशन जारी रखने वाले जिम्मेदार डॉक्टरों, अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए।
- ऑपरेशन थिएटर को पूरी तरह संक्रमणमुक्त और सुरक्षित घोषित होने तक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अस्पताल की इंफेक्शन कंट्रोल प्रणाली की समीक्षा की जाए।
- प्रतिदिन होने वाले 30 से 40 सिजेरियन ऑपरेशनों को देखते हुए अस्पताल में पर्याप्त सर्जिकल उपकरण, आधुनिक चिकित्सा संसाधन, जीवनरक्षक दवाएं और नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध कराया जाए।
- मृत प्रसूताओं के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता एवं त्वरित न्याय प्रदान किया जाए।
- जिन नवजात बच्चों ने अपनी मां को खो दिया है, उनके पालन-पोषण, उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति और भविष्य की सुरक्षा के लिए विशेष सरकारी सहायता योजना लागू की जाए।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि इस संवेदनशील मामले में राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्र की जनता न्याय की मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस दौरान लादूलाल सेन (पुर), राजेश सेन दाढ़ीवाला, लालचंद सेन, गोविंद सेन, ललित बनेकड़िया, यशोवर्धन सेन, महेश सांवरिया, जसराज सेन, सागर सेन, विकास सेन, संजय सेन, जितेंद्र सेन, लक्ष्मण सेन, सुनील सेन, दीपक सेन, बबलू सेन, महेंद्र सेन, गोपाल सेन, सोनू सेन सहित सेन समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।




















































