लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दिशा समिति की बैठक में पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा; अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश।
कोटपूतली-बहरोड़। जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्टर सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुंडावर विधायक ललित यादव, जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद राव राजेन्द्र सिंह ने कहा कि दिशा समिति का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत करने तथा सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर
सांसद ने जलदाय विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में किसी भी नागरिक को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों, कंटीजेंसी एवं इमरजेंसी प्लान, पेयजल स्रोतों, ट्यूबवेलों और वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत पेयजल कनेक्शन एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने अधिकारियों से फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने, ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों के रखरखाव में तेजी लाने तथा घरेलू और कृषि विद्युत कनेक्शनों के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
सार्वजनिक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की समीक्षा करते हुए सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित सभी सड़क निर्माण कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएच-48 पर आमजन की सुविधा के अनुरूप ओवरब्रिज, फ्लाईओवर, अंडरपास, फुटओवर ब्रिज और आवश्यक कट्स विकसित करने पर भी जोर दिया।
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बैंकिंग, स्वच्छता, आवास, उद्योग, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, राजीविका सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
सांसद ने चिकित्सा विभाग को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और मां वाउचर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत करने तथा कृषि विभाग को मृदा परीक्षण, फसल बीमा, जैविक, प्राकृतिक एवं आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को जागरूक करने को कहा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वामित्व योजना, विश्वकर्मा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, जनधन योजना, श्रम कार्ड, एनएफएसए एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
बैठक में मुंडावर विधायक ललित यादव ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझाव रखे। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को इन पर आवश्यक कार्रवाई कर आगामी दिशा समिति की बैठक में एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में एसडीएम कोटपूतली योगेश देवल, अलवर सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, एसीईओ जयपुर ब्रजमोहन गुप्ता, साधना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



















































