लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पंचायत भवन पर जड़ा ताला
वॉटर वर्क्स, हड्डा-रोड़ी और श्मशान भूमि के रास्ते की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण, प्रशासन से जल्द समाधान की मांग।
मनजीत सिंह | ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले की रायसिंहनगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत भोमपुरा में सोमवार को ग्रामीणों का प्रशासन के प्रति आक्रोश खुलकर सामने आया। पिछले तीन वर्षों से लंबित मांगों के समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने ग्रामीण सेवा शिविर का बहिष्कार कर दिया। विरोध स्वरूप पंचायत भवन पर ताला जड़कर ग्रामीण भवन के बाहर धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले तीन साल से गांव में वॉटर वर्क्स निर्माण, हड्डा-रोड़ी (मृत पशु निस्तारण स्थल) की समस्या के समाधान तथा श्मशान भूमि तक पहुंचने के लिए रास्ता उपलब्ध कराने जैसी मूलभूत मांगों को लेकर लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। कई बार ज्ञापन देने और अधिकारियों से मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में प्रशासन को चेतावनी दी गई थी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे ग्रामीण सेवा शिविर का बहिष्कार करेंगे। इसी के तहत सोमवार को पंचायत भवन पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। पंचायत भवन पर ताला लगने के कारण सरकारी कार्य भी प्रभावित हुए।
प्रशासन ने शुरू की वार्ता
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और धरना जारी था।



















































