लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार पुलिस ने एनडीपीएस मामले की जांच में किया खुलासा, साजिशकर्ता लोकेन्द्र सिंह गिरफ्तार
गंगधार (झालावाड़) |
झालावाड़ जिले की गंगधार थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले की जांच में बड़ा खुलासा करते हुए एक व्यक्ति को झूठे मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फंसाने की कथित साजिश रचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी लोकेन्द्र सिंह निवासी तलावली को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और वृत्ताधिकारी हेमंत गौतम के निर्देशन में थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना उन्हैल में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण की गहन जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से एक व्यक्ति को मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फंसाने की साजिश रची थी।
यह मामला उस समय सामने आया था जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डोकरखेड़ा निवासी शंभू सिंह के निर्माणाधीन मकान से 2 किलो 946 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया था। इस संबंध में थाना उन्हैल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच गंगधार थाना पुलिस को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने पाया कि बरामद डोडा चूरा कथित रूप से शंभू सिंह को फंसाने की नीयत से उसके निर्माणाधीन मकान में रखा गया था। इसके बाद पुलिस ने मल्हारगंज तिराहे से साजिशकर्ता लोकेन्द्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी डोडा चूरा कहां से लेकर आया था और इस साजिश में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।














































