लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जवाहर कला केंद्र में आशा भोसले और सुमन कल्याणपुर को समर्पित होगी संगीत संध्या
जयपुर | नवीन कुमावत
संगीत प्रेमियों के लिए स्वर साधना संस्थान की ओर से 12 जुलाई को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में ‘रहे ना रहें हम’ शीर्षक से एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह संध्या भारतीय फिल्म संगीत की महान गायिकाओं आशा भोसले और सुमन कल्याणपुर की स्मृति को समर्पित होगी। कार्यक्रम शाम 6 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम की आयोजिका नीलिमा कुमावत ने बताया कि यह आयोजन केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय फिल्म संगीत की दो महान विभूतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने का प्रयास है। इस दौरान दोनों गायिकाओं के सदाबहार, मधुर और कालजयी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो श्रोताओं को स्वर्णिम फिल्मी संगीत के दौर की यादों से रूबरू कराएगी।
स्वर साधना संस्थान के नरेन्द्र सिंह मेहता ने बताया कि संस्थान वर्षों से संगीत के संरक्षण, संवर्धन और नवोदित प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को उच्चस्तरीय सांगीतिक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत से परिचित कराना भी है।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय श्रद्धांजलि का हिस्सा बनने की अपील की गई है।













































