लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
700 घंटे की कारीगरी से तैयार गोल्डन गाउन में बिखेरा जलवा, मनीष मल्होत्रा के ऐतिहासिक कूट्योर डेब्यू का बनीं हिस्सा
पेरिस | (रितु मेहरा) रिलायंस रिटेल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने पेरिस हाउते कूट्योर वीक में अपनी शानदार मौजूदगी से भारतीय फैशन और कारीगरी को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। वह फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के ऑटम/विंटर 2026 हाउते कूट्योर शो में शामिल हुईं, जो पेरिस के आधिकारिक कूट्योर कैलेंडर पर उनकी पहली प्रस्तुति थी।
इस अवसर पर ईशा अंबानी ने विशेष रूप से तैयार किया गया गोल्डन गाउन पहना, जिसे मुंबई में 700 घंटे से अधिक की बारीक हस्तकारी के साथ तैयार किया गया। इस पर भारतीय जरी-ज़रदोजी, पारंपरिक सली और ताबान कढ़ाई के साथ हाथ से जड़े क्रिस्टल का खूबसूरत काम किया गया।
गाउन को मनीष मल्होत्रा ने स्टाइलिस्ट एंड्रयू मुकामल के साथ मिलकर डिजाइन किया। इसका कॉन्सेप्ट ‘MAA (मां)’ से प्रेरित है, जो महिलाओं के प्रेम, शक्ति और गरिमा को समर्पित है।
ईशा ने अपने लुक को लॉरेन श्वार्ट्ज की 50 कैरेट न्यूड डायमंड ईयररिंग्स और 12 कैरेट पियर-शेप न्यूड डायमंड रिंग के साथ पूरा किया। उनके इस शाही अंदाज ने पेरिस के प्रतिष्ठित फैशन मंच पर भारतीय शिल्पकला और आधुनिक डिजाइन के अनूठे मेल को प्रदर्शित किया।
रिलीज़ के अनुसार, ईशा अंबानी ने पेरिस में मनीष मल्होत्रा और राहुल मिश्रा दोनों के शो में हिस्सा लिया। इसे भारतीय डिजाइनरों, कारीगरों और लग्जरी फैशन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














































