यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 8,448 वाहन चालकों पर कार्रवाई

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष यातायात एवं कानून पालन अभियान के तहत आठवें दिन प्रदेशभर में 8,448 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना, यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना तथा आमजन में जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश एवं डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान के बारे में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अवैध मॉडिफिकेशन, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

काली फिल्म और वीआईपी नंबर प्लेट पर सबसे ज्यादा कार्रवाई

अभियान के दौरान सबसे अधिक 3,264 वाहनों पर शीशों पर काली फिल्म लगाने के कारण कार्रवाई की गई। वहीं, नियम विरुद्ध एवं वीआईपी स्टाइल नंबर प्लेट लगाने वाले 2,079 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई।

इसके अलावा वाहनों पर पद, जाति या अन्य अनधिकृत शब्द लिखवाने वाले 1,204 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि बिना अनुमति वाहन की बॉडी या चेसिस में बदलाव करने वाले 861 वाहन चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया।

बत्तीबाजों और प्रेशर हॉर्न पर भी कार्रवाई

राज्यभर में 544 ऐसे मामले सामने आए, जिनमें वाहनों पर बिना अनुमति लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर या हूटर लगे हुए पाए गए। वहीं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 496 प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा पटाखे जैसी आवाज निकालने वाली मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है।

कोटा शहर रहा अव्वल

कार्रवाई के मामले में कोटा शहर 572 मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद अजमेर में 416, बाड़मेर में 340, चित्तौड़गढ़ में 311 और भरतपुर में 309 कार्रवाइयां दर्ज की गईं।

वहीं भीलवाड़ा में 281, झुंझुनूं में 257, जयपुर ग्रामीण में 247 तथा उदयपुर में 215 मामलों में कार्रवाई की गई। जयपुर यातायात पुलिस ने 320 तथा जोधपुर यातायात पुलिस ने 180 मामलों में नियम उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की।

जागरूकता और सुरक्षा पर जोर

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने सभी पुलिस इकाइयों को ऐसे अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी भी है। राजस्थान पुलिस का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here