खेड़की वीरभान में पेयजल संकट, 181 पोर्टल पर शिकायत बंद करने का आरोप

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

कोटपूतली-बहरोड़। ग्राम खेड़की वीरभान में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने जलदाय विभाग पर 181 पोर्टल पर दर्ज शिकायत को गलत रिपोर्ट के आधार पर बंद करवाने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की पानी की टंकी में वर्तमान में केवल एक ही ट्यूबवेल से जलापूर्ति हो रही है, जिससे पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार टंकी के पास स्थित दूसरे ट्यूबवेल में पहले मोटर लगी हुई थी, जिसे विभाग द्वारा हटाकर अपने पास रख लिया गया, जिससे जलापूर्ति प्रभावित हो गई।

समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने 181 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में शिकायत बंद होने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय रिपोर्ट में यह दर्शाया गया कि संबंधित ट्यूबवेल में पानी नहीं है, जबकि वास्तविकता में वहां पानी उपलब्ध है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, बंद शिकायत को पुनः खोला जाए और ट्यूबवेल पर मोटर लगाकर जलापूर्ति को सुचारू किया जाए। साथ ही विभागीय लापरवाही पर कार्रवाई की भी मांग की गई है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here