एलपीजी, पेट्रोलियम और उर्वरक आपूर्ति पर सर्वदलीय बैठक 

0
65
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 प्रदेश में पर्याप्त उपलब्धता: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में मध्यपूर्व एशिया क्षेत्र की स्थिति के मद्देनजर कच्चे तेल, गैस और उर्वरकों की आपूर्ति को लेकर आयोजित सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश में तेल और गैस प्रबंधन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल, एलपीजी गैस और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाए हुए है।

राज्य और जिला स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत
मुख्यमंत्री ने बताया कि तेल, गैस और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। वहीं जिला स्तर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएसओ और तेल कंपनियों के अधिकारियों की टीमें निगरानी कर रही हैं। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं।

पीएनजी नेटवर्क के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने सिटी गैस वितरण कंपनियों को घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही होटल, अस्पताल और रेस्टोरेंट जैसे संस्थानों को प्राकृतिक गैस अपनाने के लिए प्रेरित करने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया।

कालाबाजारी के खिलाफ सख्ती, जनता से सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने आमजन से एलपीजी के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि घरेलू एलपीजी की डिलीवरी के लिए अब ओटीपी अनिवार्य कर दिया गया है तथा डिलीवरी बॉय को ग्राहक की पासबुक में एंट्री करना भी जरूरी होगा।

सभी दलों ने जताया समर्थन
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही जिला स्तर पर निगरानी बढ़ाने और पीएनजी नेटवर्क के विस्तार जैसे सुझाव भी दिए।

प्रवासी राजस्थानियों की मदद पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री ने राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स और प्रवासी राजस्थानियों के साथ वर्चुअल संवाद भी किया। उन्होंने बताया कि मध्यपूर्व देशों में फाउंडेशन द्वारा प्रवासी राजस्थानियों को सुरक्षित आवास, भोजन और स्वदेश वापसी में सहायता प्रदान की जा रही है।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक श्रीचंद कृपलानी, राजेंद्र पारीक, रामकेश, मनोज कुमार, डॉ. सुभाष गर्ग, अशोक कुमार कोठारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here