लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित अजमेर यात्रा के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने कायड़ विश्रामस्थली एवं उसके आसपास के 7 किलोमीटर परिधि क्षेत्र को अस्थायी रूप से रेड जोन (नो ड्रोन एरिया) घोषित किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि ड्रोन नियम 2021 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया गया है। आदेशानुसार कायड़ विश्रामस्थली की 7 किलोमीटर परिधि को रेड जोन घोषित किया जाता है, जहां किसी भी प्रकार के ड्रोन, यूएवी अथवा मानवरहित हवाई उपकरण के संचालन पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि यह आदेश 28 फरवरी को प्रातः 8 बजे से सायं 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। निर्धारित अवधि के दौरान बिना सक्षम अनुमति के ड्रोन संचालन करने पर ड्रोन नियम 2021 तथा अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस एवं प्रशासन ने आमजन, मीडिया प्रतिनिधियों, फोटोग्राफरों तथा ड्रोन संचालकों से जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करने एवं सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।


















































